कटनी जिले के रीठी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत वसुधा के ग्राम चिरौंहला में एक किसान की मेहनत और सरकारी योजना के सही उपयोग ने खेती की तस्वीर ही बदल दी है। ग्राम चिरौंहला निवासी किसान उमाकांत तिवारी ने बताया कि पहले उन्हें अपनी जमीन से सिर्फ एक ही फसल मिल पाती थी, जिससे आमदनी सीमित रहती थी और परिवार का भरण-पोषण मुश्किल होता था।
लेकिन जब से उन्हें खेत तालाब योजना का लाभ मिला है, तब से उनकी खेती में बड़ा बदलाव आया है। खेत में बनाए गए तालाब के कारण अब उन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल जाता है। पहले जहां पानी की कमी के कारण फसलें प्रभावित होती थीं, वहीं अब वे साल में दो फसलों की बेहतर पैदावार ले पा रहे हैं।
गर्मी के मौसम में, जब आसपास के जंगल क्षेत्रों में जल स्तर काफी नीचे चला जाता है, तब भी उमाकांत तिवारी के खेत में पानी भरपूर मात्रा में उपलब्ध रहता है। यह खेत तालाब का ही प्रभाव है कि उनकी फसलें सूखे की मार से बची रहती हैं।
उमाकांत तिवारी का कहना है कि इस योजना ने न केवल उनकी खेती को मजबूत बनाया है, बल्कि उनकी आय में भी वृद्धि की है। अब वे आत्मनिर्भर बनते जा रहे हैं और खेती के प्रति उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
यह उदाहरण दर्शाता है कि यदि किसान सरकारी योजनाओं का सही तरीके से लाभ उठाएं, तो वे अपनी खेती और जीवन दोनों को बेहतर बना सकते हैं।
हरिशंकर बेन


