कटनी – तकनीकी शिक्षा की ओर कदम बढ़ाने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज कटनी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अब ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं।
कॉलेज के प्राचार्य श्री नरेन्द्र बड़खेडकर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण के तहत ऑनलाइन पंजीयन 4 मई 2026 से शुरू हो चुका है, जो 29 मई 2026 की रात्रि 11:45 बजे तक जारी रहेगा। अभ्यर्थियों को पंजीयन के बाद त्रुटि सुधार का अवसर भी मिलेगा, जो 30 मई से 31 मई 2026 शाम 5:30 बजे तक उपलब्ध रहेगा।
प्रवेश के लिए अभ्यर्थी सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग जैसे प्रमुख पाठ्यक्रमों में आवेदन कर सकते हैं। वहीं, च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया 15 मई से 2 जून 2026 तक संचालित होगी, जिसमें छात्र अपनी पसंद के संस्थान और शाखा का चयन कर सकेंगे।
प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण में 3 जून 2026 को कॉमन मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद प्रथम चरण में चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन एवं प्रवेश 8 जून से 13 जून 2026 तक संबंधित संस्थान में किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, द्वितीय चरण की प्रक्रिया 9 जून 2026 से प्रारंभ होगी, जिससे वे अभ्यर्थी भी अवसर पा सकेंगे जो पहले चरण में शामिल नहीं हो पाए हैं।
कॉलेज प्रबंधन ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन, च्वाइस फिलिंग और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी संबंधित ऑनलाइन पोर्टल या संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।


