कटनी – प्रतिवर्ष 24 अप्रैल को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस जिला पंचायत के सभा कक्ष में अत्यंत हर्ष और उल्लास के साथ राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तत्वावधान में मनाया गया। मां सरस्वती की पूजा अर्चना के पश्चात जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा,उपाध्यक्ष श्री अशोक विश्वकर्मा,सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर एवं जिला पंचायत सदस्यों की मौजूदगी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर कार्यक्रम के आयोजन के उद्देश्य पर अतिथियों ने प्रकाश डाला। उद्बोधन की श्रृंखला में जिला पंचायत की अध्यक्ष,उपाध्यक्ष
सीईओ और सदस्यों ने पंचायती राज दिवस की महत्ता, उपयोगिता, आवश्यकता और उद्देश्यों पर अपनी अपनी बात रखी। श्रीमती मेहरा ने कहा कि नागरिकों के लिए सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं के निराकरण के लिए निर्णय ले पाना जिला पंचायत की बैठक के माध्यम से संभव हो सका है। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस को स्वशासन एवं स्वराज की नींव बताते हुए सत्ता का विकेंद्रीकरण होना बताया। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के माध्यम से जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी मूलभूत समस्याओं के समाधान हेतु नियमानुसार निर्णय ले सकते हैं। पावर और रिस्पांसिबिलिटी (अधिकार और कर्तव्य) सिद्धांत का अमल का पालन करते हुए आगे बढ़ने से बहुत सी ग्राम पंचायत विविध प्रकार के अच्छे कार्य करके उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। सीईओ कौर ने उद्बोधन देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत को सशक्त एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए रेवेन्यू जेनरेट करने की आवश्यकता है। उपाध्यक्ष श्री विश्वकर्मा ने पंचायती राज के संबंध में सारगर्भित बातें कहीं। जिला पंचायत सदस्य एवं अखिल भारतीय पंचायत परिषद से जिला पंचायत सदस्यों के प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय गोटिया ने कहा कि पंचायत राज अधिनियम 1993 के अंतर्गत निहित आर्टिकल से संवैधानिक शक्तियां प्राप्त हुई है। जो हमें ग्रामीण विकास को तेजी से करने में नियमों की सहायता से सशक्त और मजबूत बनाते हैं। जिला पंचायत सदस्य प्रेम लाल केवट और कविता पंकज राय ने भी अपने विचार व्यक्त किए। ग्राम पंचायत परखुड़ी और तेवरी के सरपंच ने ग्राम पंचायत में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों के विषय में जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी एवं जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह ने पंचायती राज की प्रस्तावना रखी और विस्तार से योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी।
*ग्राम पंचायत द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यो को पीपीटी के माध्यम से दिखाया*
इस दौरान जनपद पंचायत कटनी, विजयराघवगढ़ रीठी, बहोरीबंद, ढीमरखेड़ा की ग्राम पंचायतों पठरा, पढ़खुरी,हथकुरी, देवरी टोला, तेवरी एवं अन्य पंचायत द्वारा किए गए जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कराए गए बेहतरीन कार्यों और स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत की गई गतिविधियों को पीपीटी के द्वारा दिखाया गया।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 ग्राम पंचायतों को मिला सम्मान*
इस मौके पर सुशासन, जल गंगा संवर्धन अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, महिला एवं बालक, बालिका हितैषी पंचायत, होम स्टे आदि, समग्र मनरेगा,ई केवाईसी सहित अन्य क्षेत्रों में श्रेष्ठ कार्य करने वाली 12 ग्राम पंचायतों बाकल, तेवरी,देवगांव वसुधा, बड़वारा, बसाड़ी,देवरीटोला, पठरा, परखुरी,सिहजनी, पिपरिया शुक्ल और बरहटा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के प्रभारी पंकज नामदेव,योगेंद्र असाटी, जग्गी पटेल, कमल सिंह, जी.एस.किस्पोट्टा,ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव,ग्राम रोजगार सहायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों और लोक सेवकों की उपस्थिति रही।


