कटनी (22 अप्रैल) – नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जो शासन की योजनाओं के सटीक क्रियान्वयन एवं समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध है, जिसमें अब केवल 8 दिन शेष हैं।

निगमायुक्त ने जानकारी दी कि नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच स्व-गणना फॉर्म भरने को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है, जो अन्य नागरिकों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने आमजन से जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकें।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना फॉर्म सरल एवं सहज है, जिसमें लगभग 34 सामान्य प्रश्न शामिल हैं। इनमें आवास की स्थिति, कमरों की संख्या, मकान का प्रकार (कच्चा या पक्का), उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं तथा शौचालय जैसी जानकारियां शामिल हैं, जिन्हें नागरिक आसानी से भर सकते हैं।
सुश्री परिहार ने इसे डिजिटल इंडिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है, पोर्टल पर जाकर राज्य चुनें, परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें, अपने घर की लोकेशन मैप पर मार्क करें,जरूरी जानकारी भरकर सबमिट करने पर प्रत्येक नागरिक को 11 अंकों की एक विशिष्ट आईडी प्रदान की जाएगी। इस आईडी के माध्यम से दर्ज की गई जानकारी सुरक्षित रूप से संग्रहीत रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर उपयोग में लाई जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि 1 मई से प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। ऐसे में यदि नागरिक निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना फॉर्म भर देते हैं, तो आगे की प्रक्रिया और अधिक सुगम एवं त्वरित हो जाएगी।जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण का आधार होते हैं। सटीक एवं अद्यतन आंकड़ों के आधार पर ही विभिन्न वर्गों के लिए प्रभावी योजनाएं बनाई जा सकती हैं, जिससे विकास कार्यों को गति मिलती है।
निगमायुक्त ने सभी नगर वासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में स्व-गणना फॉर्म अनिवार्य रूप से भरें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।


