कटनी (22 अप्रैल) – प्रशासन का उद्देश्य केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर वास्तविक रूप से आमजन को राहत पहुंचाना है। विभागीय अधिकारी शासकीय योजनाओं एवं प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए समय-सीमा का कड़ाई से पालन करें तथा निराकरण की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। यह निर्देश निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बुधवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभाग प्रमुखों को दिए।

बैठक में निगमायुक्त ने जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, मानवाधिकार संबंधी पत्रों की समीक्षा करते हुए सभी दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम की विभिन्न शाखाओं से संबंधित चिन्हित समय सीमा के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा कर शिकायतों के गंभीर एवं संतोषजनक निराकरण पर जोर दिया गया। बैठक में उपायुक्त शैलेष गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अवैध कॉलोनियों व जर्जर भवनों पर सख्ती
निगम सीमा में चिन्हित अवैध कॉलोनियों के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शेष मामलों में एफआईआर दर्ज करने एवं नियमित वार्ड भ्रमण कर नई कॉलोनियों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्षा ऋतु से पूर्व जर्जर भवनों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रगति लाने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी एवं एएचपी) के अंतर्गत पूर्ण, प्रगतिरत एवं अपूर्ण आवासों की स्थिति की समीक्षा करते हुए किश्तों के वितरण, आरसीसी वसूली एवं विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। हितग्राहियों को 10 दिवस के भीतर विद्युतीकरण पूर्ण कराने के लिए एमपीईबी के माध्यम से आवश्यक समन्वय करने को कहा गया।
अमृत योजना के कार्यों में तेजी लाने पर जोर
अमृत योजना अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार, हाउस कनेक्शन एवं एसटीपी सिविल कार्यों की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त श्रमिक एवं मशीनरी लगाकर कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता परीक्षण एवं टैंकर व्यवस्था की समीक्षा कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करें
जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक सड़क चौड़ीकरण के बाद ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग में आ रही बाधाओं को लेकर निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्थानीय नागरिकों से समन्वय स्थापित कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जल गंगा संवर्धन अभियान में लाएं जनभागीदारी
नगर की प्रमुख नदियों के सीमांकन एवं जल स्रोतों के आसपास अतिक्रमण हटाने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए निगमायुक्त ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनसहभागिता बढ़ाने एवं नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर बल दिया।
इन विषयों की भी समीक्षा
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने पीएम स्ट्रीट वेंडर योजना, संबल योजना एवं ई-केवाईसी प्रकरणों के निराकरण, कर्मचारी समस्या निवारण शिविर आयोजन, आगामी वर्षा ऋतु हेतु पौधारोपण की तैयारी, ट्रांसपोर्ट नगर में निष्क्रिय आवंटनों की निरस्तीकरण प्रक्रिया, प्रेमनगर में निर्मित दुकानों की नीलामी, डेयरी संचालकों पर कार्रवाई तथा फिश पार्लर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, सहित उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, मृदुल श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं उनके लिपिक उपस्थित रहे।


