कटनी (21 अप्रैल) – जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर पंजीकृत कृषकों से गेहूँ उपार्जन का कार्य किया जा रहा है। जिला उपार्जन समिति की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने गेहूँ उपार्जन हेतु बरही तहसील में 3 उपार्जन केन्द्रों का निर्धारण किया है और इनमें से 2 उपार्जन केन्द्रों में महिला स्व-सहायता समूहों को उपार्जन की जिम्मेदारी दी है। साथ ही इनके पर्यवेक्षण एवं सुचारू संचालन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किये हैं।
जारी आदेश के अनुसार उपार्जन केन्द्र पिपरियाकला में खरीदी की जिम्मेदारी गुलाब स्व-सहायता समूह को दी गई है और इसके नोडल हल्का पटवारी श्री संतोष महोबिया होंगे। इसी प्रकार उपार्जन केन्द्र हदरहटा में गेहूँ खरीदी राधाकृष्ण स्व सहायता समूह करेला द्वारा की जायेगी और इसके नोडल हल्का पटवारी श्री श्याम रायल होंगे। इसके अलावा उपार्जन केन्द्र बगैहा में गेहूँ खरीदी का दायित्व सेवा सहकारी समिति पिपरियाकला को दिया गया है और इसके नोडल अधिकारी हल्का पटवारी श्री अनुज सिंह पोरते होंगे।
शासन द्वारा रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूँ का समर्थन मूल्य 2585 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है एवं राज्य शासन द्वारा 40 रूपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जायेगा। कृषकों से उपार्जन कार्य सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक 5 दिवस प्रातः 8 बजे से सायं 8 बजे तक किया जायेगा। शनिवार एवं रविवार को खाद्यान्न का परिवहन, भण्डारण एवं लेखा मिलान का कार्य किया जायेगा। कृषक अपनी उपज के विक्रय हेतु www.mpeuparjan.nic.in पर स्लॉट बुकिंग कर सकेंगे।


