कटनी जिले में एक युवक द्वारा विकलांगता प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने कलेक्टर को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, ग्राम माहनिया निवासी जगत यादव ने बताया कि वह दोनों आंखों से लगभग 50 प्रतिशत विकलांग हैं, लेकिन जिला अस्पताल द्वारा उन्हें मात्र 30 प्रतिशत विकलांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया। युवक का आरोप है कि सही प्रमाण पत्र बनवाने के लिए वह कई बार जिला अस्पताल के चक्कर लगा चुका है, लेकिन हर बार उसे टाल दिया जाता है।
पीड़ित ने बताया कि जिला अस्पताल के सिविल सर्जन द्वारा उसे 90 दिनों में सुधार का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन उस पर भी अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
युवक का कहना है कि सही विकलांगता प्रमाण पत्र न मिलने के कारण वह शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहा है, जिससे उसकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
आवेदन में पीड़ित ने कलेक्टर से मांग की है कि उसका 50 प्रतिशत विकलांगता प्रमाण पत्र जल्द जारी किया जाए और मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेकर पीड़ित को न्याय दिलाता है।


