कटनी (21 अप्रैल) – नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित महापौर जनसुनवाई कार्यक्रम में नगर के विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों द्वारा अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत की गईं। मेयर-इन-काउंसिल सभागार में आयोजित इस जनसुनवाई में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का गंभीरतापूर्वक श्रवण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
जनसुनवाई के दौरान स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, अतिक्रमण निराकरण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। महापौर द्वारा प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिसके परिणामस्वरूप अनेक प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी द्वारा पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने निराकृत प्रकरणों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा लंबित मामलों में शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम नागरिकों को उनकी समस्याओं के संतोषजनक समाधान हेतु एक प्रभावी मंच प्रदान करता है। नगर निगम कटनी का सतत प्रयास है कि नागरिकों को एक ही स्थान पर पारदर्शी, सुगम एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


