कटनी। केंद्र सरकार द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत महिला आरक्षण विधेयक पर आयोजित आभार अभिचर्चा में शामिल होने के लिए कटनी जिले से श्रीमती कविता पंकज राय का चयन किया गया है। वे 18 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित लोकसभा सदन में प्रातः 11:00 बजे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेंगी।
श्रीमती राय वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता एवं उद्योग सभापति के रूप में कार्यरत हैं। उनका चयन खजुराहो एवं शहडोल लोकसभा संसदीय क्षेत्रों से किया गया है, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।
यह उल्लेखनीय है कि कटनी जिले से पहली बार किसी महिला को लोकसभा सदन में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ है। साथ ही, यह भी विशेष है कि अब तक कटनी जिले से कोई भी सांसद नहीं रहा है, ऐसे में यह अवसर जिले के इतिहास में एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा।
इस चयन से जिले में हर्ष का माहौल है और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।


