कटनी – जिले में नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बहोरीबंद एवं स्लीमनाबाद में खाद्य पदार्थों के विक्रय संस्थानों की जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा बहोरीबंद स्थित श्री कृष्णा किराना की जांच की गई। दुकान में विक्रय हो रहे सरसों तेल, मसाले, नमकीन एवं कोलड्रिंक के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसी प्रकार स्लीमनाबाद स्थित दिगंबर एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान में एक्सपायरी डेट के नमकीन के 50 पैकेट पाए गए। जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। एजेंसी में रेड हिन्द ब्रांड के कोल्डड्रिंक, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर एवं थम्स अप कोल्ड ड्रिंक विक्रय हेतु थोक संग्रह कर रखा हुआ पाया गया। जिस पर सभी पेय पदार्थों के सैंपल लेकर जांच हेतु राज्य जांच खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।


