कटनी – नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शुक्रवार प्रातः नगर के आधा दर्जन से अधिक स्थलों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने माधव नगर स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), अमीरगंज एफएसटीपी प्लांट, गौशाला, सुरम्य पार्क सहित विभिन्न वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समय-सीमा में पूर्ण हों। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी
कायाकल्प अभियान-2 के अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री वार्ड (कुठला) एवं विश्राम बाबा वार्ड में निर्माणाधीन सी.सी. सड़कों का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने सड़क की लंबाई, चौड़ाई एवं गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए
कि सड़कों के अंतिम छोर पर रैंप बनाकर मार्ग को समतल किया जाए तथा मोड़ों के ज्वाइंट दुरुस्त कर नागरिकों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, आदेश जैन, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लॉग बुक का नियमित संधारण एवं कार्यों में तेजी के निर्देश

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने माधव नगर स्थित 7.50 एमएलडी क्षमता के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट के सभी घटकों का अवलोकन करते हुए ट्रीटमेंट की प्रक्रिया की जानकारी ली। मौके पर जानकारी दी गई कि 30 मार्च से प्लांट का ट्रायल रन प्रारंभ किया जा चुका है। निगमायुक्त ने निर्देशित किया कि एसटीपी को अधिकतम क्षमता से संचालित करने के लिए संबंधित वार्डों में किए जा रहे हाउस सर्विस कनेक्शन के कार्य को तेजी से पूर्ण किया जाए साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि प्लांट में विद्युत संबंधी शेष कार्य 10 दिवस के भीतर पूर्ण करावें एवं सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में प्रतिदिन ट्रीट हो रहे पानी की लॉग बुक नियमित रूप से संधारित की जाए, ताकि संचालन की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।
निगमायुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने एवं सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। इस दौरान पी.डी.एम.सी. के एआरई सौरभ नौगजा, प्रोजेक्ट मैनेजर श्री झील पटेल, पार्थ पटेल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे ।
एफएसटीपी में वाहनों का दैनिक डेटा संधारण
अमीरगंज स्थित 80 केएलडी क्षमता वाले फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण में पर्याप्त स्लज नहीं मिलने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि टैंकों की सफाई की संख्या बढ़ाई जाए तथा प्लांट में आने वाले वाहनों का दैनिक रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से संधारित किया जाए, जिससे क्षमता के अनुरूप संचालन सुनिश्चित हो सके।

गौशाला में शेड निर्माण और सफाई के निर्देश
अमीरगंज गौशाला के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने आवारा मवेशियों को पकड़ने का अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।उन्होंने रिक्त स्थान पर शेड निर्माण,पुराने शेड में नेट लगाने, परिसर के आसपास साफ-सफाई,रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सुरम्य पार्क को और आकर्षक बनाने पर जोर

सुरम्य पार्क में स्विमिंग पूल, नौका विहार एवं फव्वारा क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने डेंटिंग-पेंटिंग एवं इको ब्रिक्स के उपयोग से प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही स्विमिंग पूल में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर जोर दिया।
निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण
अमृत योजना-2 के अंतर्गत रामकृष्ण परमहंस वार्ड में निर्माणाधीन 1075 केएल क्षमता की पानी की टंकी का निरीक्षण कर निगमायुक्त ने कार्यों की प्रगति जानी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण हों, जिससे संबंधित वार्डों में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से हो सके। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
फोटो –


