कटनी (03 अप्रैल) – नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शुक्रवार प्रातःकालीन निरीक्षण के दौरान चंद्रशेखर आजाद वार्ड के विभिन्न स्थलों एवं गलियों का पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कचरा संग्रहण की नियमितता, डोर-टू-डोर कलेक्शन तथा कचरा निस्तारण व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने मिशन चौक स्थित नगीना मस्जिद के समीप वाली गली का निरीक्षण करते हुए नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके साथ ही बबली टोला बस्ती एवं खटीक बस्ती क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए पक्की नाली निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। गांधी स्कूल के समीप स्थित कचरा पॉइंट पर समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने हेतु स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्थानीय रहवासियों से संवाद कर क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था की जानकारी ली तथा नागरिकों से शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, जिससे स्वच्छता व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
जिन स्थानों पर सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई, वहां तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए रात्रिकालीन अतिरिक्त कचरा संग्रहण वाहनों की व्यवस्था, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए।


