कटनी (मध्यप्रदेश)
कटनी जिले में रसोई गैस सिलेंडर की कमी को लेकर अब राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अर्पित पोद्दार ने कलेक्टर को पत्र लिखकर जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
अर्पित पोद्दार ने अपने पत्र में बताया कि जिले के कई क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि आम नागरिकों को समय पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। कई जगहों पर कृत्रिम कमी और अनियमित वितरण के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जनाक्रोश भी बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि चाय-नाश्ता, चाट-फुल्की जैसे छोटे-मोटे व्यवसाय करने वाले गरीब और मध्यम वर्ग के लोग भी गैस सिलेंडर की कमी से काफी प्रभावित हो रहे हैं।
पत्र में कलेक्टर से मांग की गई है कि गैस वितरण व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जाए और सभी गैस एजेंसियों में नोडल अधिकारी की निगरानी में पारदर्शी तरीके से गैस वितरण कराया जाए। साथ ही जहां कहीं भी लापरवाही या कृत्रिम कमी पाई जाए, वहां जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।


