कटनी। जे पीवी डीएवी विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश जोन के क्षेत्रीय निदेशक एवं विद्यालय के प्राचार्य एस. के. सिन्हा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने सभी महिला शिक्षिकाओं पर पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं शक्ति, त्याग और समर्पण की प्रतिमूर्ति हैं और समाज व परिवार के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस मौके पर शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने हास्य से भरपूर कविताएं और अपने जीवन के अनुभव साझा किए, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और आनंद से भर गया। सभी ने समाज में महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके सम्मान और सशक्तिकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य एस. के. सिन्हा ने कहा कि महिलाएं ममता, त्याग, समर्पण और वात्सल्य की सच्ची प्रतीक हैं। वे समाज को संस्कार और शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी से महिलाओं के सम्मान और आदर का भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन स्वल्पाहार और आपसी संवाद के साथ हुआ, जहां सभी ने मिलकर महिला शक्ति को नमन किया।


