सिवनी
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सिवनी जिले के ग्राम पंचायत पलारी के सरपंच रामगोपाल डेहरिया को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सरपंच ने एक गरीब ग्रामीण से उसकी टपरिया (झोपड़ी) में सुधार कार्य करने देने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवचरण नागवंशी (40 वर्ष) पिता नंदकुमार नागवंशी, निवासी जान्हवी नगर, चुनाभट्टी के पास, ग्राम पलारी, जिला सिवनी पिछले 4-5 वर्षों से गांव में टपरिया बनाकर रह रहे हैं। उनके पास रहने के लिए कोई अन्य जगह नहीं है। जब शिवचरण ने अपनी जर्जर टपरिया में सुधार कार्य कराने की बात कही, तो ग्राम पंचायत पलारी के सरपंच रामगोपाल डेहरिया ने काम न रोकने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
सरपंच की मांग और प्रताड़ना से परेशान होकर शिवचरण नागवंशी ने 2 मार्च 2026 को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने पर सरपंच द्वारा रिश्वत की मांग सही पाई गई।
इसके बाद 9 मार्च 2026 को EOW की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सिवनी बस स्टैंड के पास सरपंच रामगोपाल डेहरिया को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
आरोपी सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: राजकुमार ठाकुर, सिवनी ✍️


