कटनी ( 3 फरवरी ) – नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार को गुरुनानक वार्ड सब्जी मंडी में चल रहे पाइप लाइन विस्तार कार्य, मसुरहा घाट में निर्मित लिक्विड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट सहित आचार्य विनोबा भावे वार्ड खिरहनी बस्ती का पैदल भ्रमण कर नगर निगम द्वारा प्रदाय की जाने वाली पेयजल, साफ सफाई सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, अंशुमान सिंह, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।
मार्ग को करे समतल
निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम गुरुनानक वार्ड में शुद्ध पेयजल आपूर्ति हेतु सब्जी मंडी में चल रहे नवीन पाइपलाइन विस्तार कार्य का स्थल निरीक्षण किया। कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा द्वारा नागरिकों को पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति को दृष्टिगत रखते हुए जिन स्थलों पर पुरानी पेयजल पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त अथवा खराब होने से जलापूर्ति प्रभावित होने की संभावना है वहां नवीन पाईलाईन विस्तार कार्य कराये जाने की जानकारी दी गई। निगमायुक्त ने नागरिकों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने हेतु पेयजल पाइप लाइन विस्तार के कार्य को मजबूती के साथ करने के निर्देश दिए। नागरिकों के सुगम आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए पाईपलाईन विस्तार पश्चात शीघ्र ही स्थल को समतल करने तथा सब्जी मंडी में अतिक्रमण अभियान चलाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
लिक्विड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण
अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा नगर के मोहन घाट, गाटरघाट एवं मसुरहा घाट में मिलने वाले नालों के पानी के ट्रीटमेंट हेतु मसुरहा घाट में 6 करोड़ स्पये की लागत से निर्मित लिक्विड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर गंदे पानी को शुद्ध करने की विभिन्न प्रक्रियाओं की बारीकी से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त द्वारा प्लांट रूम, ऑपरेटर रूम अनोक्सिक टैंक मिक्सर, ओजीआई, बी एस, सी आय, एयर ब्लोअर, ए.सीएफ, एनसीएफ, यूवी पैनल, फ्लो मीटर मशीनों के चरणवार कार्य करने की पद्धति को समझा। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त द्वारा प्लांट के आसपास की शासकीय भूमि का सीमांकन कराने तथा नालों को व्यवस्थित कर स्थल प्लांट के आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त साफ- सफाई कराने के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था करें दुरुस्त
निगमायुक्त ने निरीक्षण के अगले चरण में आचार्य विनोवा भावे वार्ड स्थित खिरहनी की संपूर्ण बस्ती का पैदल भ्रमण निगम प्रशासन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुखदेव चैधरी एवं पूर्व पार्षद गौरीशंकर पटेल भी मौजूद रहे। निगमायुक्त ने उप कार्यालय के आगे मुख्य मार्ग के किनारे के अतिक्रमण को हटाने के निर्देश अतिक्रमण प्रभारी को दिए। निरीक्षण के दौरान बस्ती की गलियों में सफाई का आभव पाए जानें पर मौके पर कार्यरत स्वच्छता कर्मी से सफाई व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई तथा क्षेत्रीय दरोगा को प्रतिदिन बस्ती की सड़कों एवं सुलभ काम्पलेक्स की सफाई कराने के साथ ही सप्ताह में दो दिवस बस्ती के नाले एवं नालियों की सफाई करानें हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त द्वारा स्थानीय नगारिकों से संवाद किया जाकर पेयजल सप्लाई एवं गणवत्ता की जानकारी भी ली गई तथा वार्ड के हैंडपंपों के पास चेंबर बनानें तथा सुलभ काम्पलेक्स के सामनें चबूतरे के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करनें के निर्देश क्षेत्रीय उपयंत्री संजय मिश्रा को दिए। निरीक्षण के दौरान उपयंत्री संजय मिश्रा, जे.पी.सिंह बघेल, विनोद सिंह चौहान, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


