रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। नगर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम द्वारा नागरिकों से एक सार्थक और जिम्मेदार पहल में सहयोग की अपील की गई है। नगर विकास को जनभागीदारी से जोड़ते हुए नगर पालिका परिषद ने स्वच्छता, जल संरक्षण,
पर्यावरण सुरक्षा और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश जारी किए हैं। नगर पालिका परिषद द्वारा नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने घरों का कचरा इधर-उधर न फेंकें, बल्कि कचरा वाहन में ही डालें। गीला कचरा और सूखा कचरा अलग अलग डस्टबिन में रखें और कचरा वाहन में ही कचरे को डालें। साथ ही स्वच्छ पेयजल का सदुपयोग करें, जल की बर्बादी न करें और पानी से संबंधित किसी भी समस्या होने की तत्काल सूचना दें। सार्वजनिक व निजी प्रतिष्ठानों में पेयजल टंकियों की नियमित साफ – सफाई कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
पवित्र मां नर्मदा की स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में भी अपील करते हुए कहा गया है कि घाटों पर गंदगी न करें, नर्मदा में कपड़े न धोए या साबुन का उपयोग न करें और धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखें। नगरवासियों से समय पर संपत्ति कर,जलकर एवं अन्य करों का भुगतान कर नगर विकास में सहभागी बनने की अपील की गई है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई है।
इस जनहितकारी पहल में माननीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव, उपाध्यक्ष श्री अभय वर्मा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती हमेश्वरी पटले के मार्गदर्शन में नगर को स्वच्छ और विकसित बनाने का संकल्प लिया गया है। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और नर्मदापुरम को आदर्श नगर बनाने में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।


