रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम/इटारसी। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा ने 28 जनवरी 2026 को थाना इटारसी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण,अपराध पंजीकरण, लंबित प्रकरणों की स्थिति एवं उनके निराकरण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए मालखाने, हवालात,शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, साइबर संबंधी अभिलेख एवं थाने की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने थाने में रखे गए जब्त माल एवं दस्तावेजों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं विनम्र व्यवहार करने, शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण,गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई एवं अपराध नियंत्रण हेतु नियमित गश्त बढ़ाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान थाने की साफ-सफाई, अनुशासन एवं रिकॉर्ड संधारण को संतोषजनक पाया गया।पुलिस अधीक्षक श्री थोटा ने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में और अधिक तत्परता एवं निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस इटारसी वीरेंद्र मिश्रा एवं थाना प्रभारी इटारसी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला सहित थाने का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।


