सिहोरा। खितौला थाना क्षेत्र से 19 वर्षीय विवाहित युवती के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार शाम को हिंदूवादी संगठनों ने लापता युवती के परिजनों के साथ थाना खितौला के सामने रोड जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण युवती का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। इस दौरान संगठनों ने मामले में लव जिहाद की आशंका भी जताई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना खितौला में गुमशुदगी क्रमांक 05/2026 दर्ज की गई है। ग्राम पिंडरई निवासी रानू सेन पति राकेश सेन (उम्र 40 वर्ष) ने अपनी मां माया सेन की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उनकी बेटी लक्ष्मी सेन पति कौशल सेन (उम्र 19 वर्ष) की शादी 24 अप्रैल 2025 को ग्राम सिलुआ, थाना बरेला, जिला जबलपुर में हुई थी।
परिजनों के मुताबिक लक्ष्मी 20 जनवरी 2026 को अपनी बुआ पुसिया सेन के घर, वार्ड क्रमांक 16, रेलवे फाटक के पास, खितौला आई थी। अगले दिन 21 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह यह कहकर निकली कि वह बुआ के साथ सिहोरा घूमकर लौटेगी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आई। परिजनों द्वारा संपर्क किए जाने पर लक्ष्मी का मोबाइल फोन बंद मिला।
काफी तलाश के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो 22 जनवरी 2026 को रात 8:08 बजे खितौला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इधर, युवती की बरामदगी न होने से आक्रोशित हिंदूवादी संगठनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और जल्द युवती की तलाश का आश्वासन दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल जारी है।


