छिंदवाड़ा के बादलभोई संग्रहालय में आयोजित जनजातीय परिचय महोत्सव के अंतर्गत युवक-युवती परिचय सम्मेलन में पहली बार प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 200 युवक-युवतियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके ने कहा कि यदि समाज की सहमति बनी, तो शासन की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत आगामी मार्च माह में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्य लोक सेवा आयोग एवं कर्मचारी चयन मंडल की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित आदिवासी समाज के प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि एवं पूर्व राज्यपाल अनुसुईया उईके ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को संगठित करने के साथ-साथ उसे आगे बढ़ने की नई दिशा प्रदान करते हैं।
महोत्सव में सांसद बंटी विवेक साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए आदिवासी समाज के भवन निर्माण हेतु सांसद निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवेदनशील नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा आदिवासी संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।
कार्यक्रम में जीभ से पेंटिंग बनाने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित आदिवासी कलाकार सूर्यभान को उनकी अद्भुत कला के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही बैतूल जिले के आदिवासी युवक बंटी वाडिवा, जिन्होंने लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में 50 लाख रुपये की राशि जीती, उन्हें भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को सम्मानित किया गया। सांसद, पूर्व राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने महापौर विक्रम अहके को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए, जिससे समाज की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच और सम्मान मिल सके।
कार्यक्रम को पूर्व राज्यपाल अनुसुईया उईके, महापौर विक्रम अहके सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे—
भारिया जनजाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दिनेश अंगारिया, वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुश्री मोनिका बट्टी, मप्र रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एस.एस. कुमरे, पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांता ठाकुर, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष वीरपाल इवनाती, नानाभाई मोहोद, अग्घनशाह उईके, बालाराम परतेती, महेश सराठी, राघवेन्द्र शाह उईके, सूर्यभान मरावी, डिप्टी कलेक्टर विक्रम देव सरेयाम, डीएसपी जयंत परतेती, सहायक आयुक्त सत्येन्द्र सिंह मरकाम, बंटी वाडिवा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित पोफली, मनोज कुशवाहा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष रिज़वान कुरैशी, विश्वेंद्र सिंह बैस, अतिश ठाकरे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


