कटनी (20 जनवरी)- सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में राज्य स्तर द्वारा माह दिसम्बर की जारी ग्रेडिंग में जिला पंचायत कटनी, प्रथम समूह में “ए” ग्रेड के साथ टॉप टेन में स्थान बनाने में कामयाब रही है। राज्य स्तर से जारी ग्रेडिंग के अनुसार जिला पंचायत कटनी को प्राप्त 1129 शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण निराकरण कुल वेटेज स्कोर 85.81 के साथ किए जाने पर “ए” ग्रेड के साथ आठवां स्थान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा प्रतिदिन सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की निरंतर
समीक्षा ,सतत् निगरानी, अनुश्रवण और पर्यवेक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाते हैं। फलस्वरूप सार्थक प्रयासों से बेहतर परिणाम आए। सुश्री कौर ने अधिकारियों कर्मचारियों की कड़ी मेहनत की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा और परिश्रम से आमजनों की शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण समाधान करने को कहा है।


