कटनी (20 जनवरी ) – सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में मंगलवार को जारी प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में नगर निगम कटनी ने प्रथम समूह के जिलों में ए ग्रेड के साथ टॉप टेन नगर निगमों में शामिल होने की उपलब्धि हासिल की है।
निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में नगर निगम कटनी ने कुल प्राप्त 574 शिकायतों का निराकरण 92.23 फीसदी वेटेज स्कोर के साथ करते हुए सातवें स्थान की सफलता हासिल की है। निगमायुक्त श्रीमती कौर ने निगम के संबंधित विभागीय अधिकारियों को भविष्य में और अधिक संवेदनशीलता के साथ कारगर प्रयास करने की सीख दी है।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा प्रत्येक माह सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के आधार पर ग्रेडिंग जारी की जाती है। निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की निरंतर मॉनिटरिंग एवं दिए गए दिशा- निर्देश के परिणामस्वरूप ही अधिकारियों द्वारा माह दिसंबर में प्राप्त कुल 574 शिकायतों का 53.62 फीसदी संतुष्टिपूर्ण निराकरण तथा 92.23 फीसदी कुल वेटेज स्कोर के साथ शिकायतों का निराकरण करते हुए ए ग्रेड के साथ सातवा स्थान हासिल किया है।


