कटनी (20 जनवरी ) – नगर निगम उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता द्वारा मंगलवार को निगम के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की बैठक आहूत कर स्वास्थ्य विभाग के कार्यो की समीक्षा की तथा नगर की सफाई व्यवस्था चाक – चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त श्री गुप्ता ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रस्तावित नगर आगमन कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के दौरान निगम प्रशासन द्वारा की जाने वाली आवश्यक तैयारियों सहित नगर में आयोजित हो रहे संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, सिटी मिशन मैनेजर एनयूएलएम यश रजक प्रभारी हैड दरोगा तेजभान सिंह सहित समस्त वार्डो के स्वच्छता निरीक्षक, उप स्वच्छता निरीक्षक वार्ड दरोगा एवं विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
उपायुक्त श्री गुप्ता ने राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर मुख्य आयोजन स्थल पुलिस लाइन झिंझरी ग्राउंड सहित नगर के चयनित विभिन्न ध्वजारोहण स्थलों शहीद शासकीय भवनों, शहीद स्मारकों तिराहों, चौराहों आदि स्थलों में प्रतिवर्षानुसार की जाने वाली आवश्यक साफ-सफाई, रंगाई-पुताई सहित स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से की जाने वाली समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उपायुक्त द्वारा मुख्यमंत्री महोदय के नगर आगमन एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर आवारा मवेशियों पर लगाम लगाने हेतु हाकां टीम प्रभारी को विशेष अभियान चलानें, सुलभ शौचालयों की विशेष सफाई करानें, नगर के मुख्य मार्गो के डिवाइडर एवं सड़क के दोनों ओर की पर्याप्त साफ – सफाई एवं धूल मिट्टी पन्नी एवं अन्य अपशिष्ट अलग करनें के साथ ही डिवाइडर के पौधों पर रोजाना पानी की सिंचाई करानें हेतु उपस्थित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया।
उपायुक्त श्री गुप्ता ने बैठक के दौरान बताया कि नगर में आयोजित हो रहे संकल्प के समाधान अभियान के तहत शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं एवं कार्यक्रमों से प्रत्येक नागरिकों को लाभान्वित किया जाना है। अभियान के तहत अब तक प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर उन्होंने कर्मचारियों को अभियान के गति लाने की सख्त हिदायत दी। निगमायुक्त ने बैठक के दौरान बताया कि निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों को शुद्ध जल आपूर्ति हेतु विशेष प्रयास किये जा रहे है। आपके स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को फील्ड स्तर पर कार्य के दौरान जल प्रदाय की पाइप लाइन लीकेज अथवा किसी भी प्रकार की समस्या दिखाने पर तत्काल ही इसकी सूचना से नगर निगम के जल प्रदाय विभाग को अवगत करावें। बैठक के दौरान कर्मचारियों संबंधी मुद्दों पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा की जाकर विभाग प्रमुख को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता द्वारा झिंझरी स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचकर गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम में नगर निगम द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाकर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान सहायक यंत्री श्री आदेश जैन ,अनिल जायसवाल, स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल भी उपस्थित रहे।


