कटनी (20 जनवरी ) – राज्य शासन के निर्देशानुसार नगर निगम कटनी द्वारा संचालित स्वच्छ जल अभियान के अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार को वार्ड स्तर पर नागरिक जल सुनवाई आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार 20 जनवरी को भी वार्ड स्तर पर जल सुनवाई का आयोजन किया जाकर जल सुनवाई मे पहुंचे 38 नागरिकों की शिकायतों एवं सुझावों संबंधी आवेदनों पर सुनवाई की गई। जल सुनवाई के दौरान उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, सहित जल प्रदाय विभाग के अधिकारी कर्मचारी फील्ड स्टाफ एवं तकनीकी अमले की उपस्थिति रही।
जल सुनवाई के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं तकनीकी अमले द्वारा नागरिकों से उनके आवेदन लिये जाकर प्रत्यक्ष संवाद किया गया तथा उनके क्षेत्र में आपूर्ति किये जाने वाले पेयजल की गुणवत्ता आदि के संबंध मे विस्तारपूर्वक जानकारी ली गई। इस दौरान मैदानी अमले को नागरिकों के आवेदनों एवं शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करते हुए समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने दिये जाकर पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने एवं नागरिकों को नियमित एवं शुद्ध गुणवत्तापूर्ण पेयजल ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उपयंत्री श्री मृदुल श्रीवास्तव ने बताया कि जल सुनवाई के दौरान नागरिकों द्वारा साथ में लाए गए पेयजल के नमूनों की गुणवत्ता का परीक्षण उनके समक्ष ही कराया जाकर जांच रिपोर्ट से नागरिकों को अवगत कराया गया। इस दौरान नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं संबंधी आवेदनों के निराकरण हेतु निर्धारित शिकायत पंजिका में दर्ज करते हुए संबंधितों की ओर अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रेषित किए गए।
उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव ने बताया कि वार्ड स्तरीय आयोजित जल सुनवाई के दौरान कुल 38 शिकायत सुझावों पर सुनवाई की गई। इस दौरान विभिन्न वार्डो से जल के नमूने लेकर पहुंचे 124 लोगों के नमूनों का उनके समक्ष ही तकनीकी अमले द्वारा परीक्षण किया जाकर जल शुद्धता संबंधी निष्कर्ष से अवगत कराया गया।

वार्डो से भी लिए गए जल नमूने
इसके अतिरिक्त निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति हेतु रोजाना वार्डो से टेस्टिंग हेतु एकत्रित किये जाने वाले जल के नमूनों की कार्यवाही के तहत बाल गंगाधर तिलक वार्ड इंदिरा नगर पानी की टंकी, बिरसा मुंडा वार्ड उरमलिया गली, बाबू जगजीवन राम वार्ड, विवेकानंद वार्ड क्रमांक 37 खेरमाई मंदिर के पीछे और नयागांव लखेरा, अमीरगंज पानी की टंकी, विश्राम बाबा वार्ड न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी,बाबा नारायण शाह वार्ड एवं संत कंवरराम वार्ड स्थित रॉबर्ट लाईन पानी की टंकी का नमूना एकत्रित किया जाकर जांच हेतु लैब भेजने की कार्यवाही की गई।


