कटनी कुआँ | गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में जनशिक्षा केंद्र कुआँ अंतर्गत शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला किरहाई पिपरिया एवं शासकीय माध्यमिक शाला अमोच के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रदर्शनी में दोनों शालाओं के दो विद्यार्थियों का ज़ोन स्तर के लिए चयन किया गया।
विद्यार्थियों ने “विज्ञान एवं पर्यावरण” थीम में अपने नवाचारी मॉडल के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि “मनोरंजक गणितीय मॉडलिंग” थीम में द्वितीय स्थान हासिल कर सराहना बटोरी।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं अभिभावकों में हर्ष का वातावरण रहा। डीपीसी प्रेम नारायण तिवारी , शिक्षक रत्नेश बड़गैयाँ, बीआरसीसी प्रशांत मिश्रा सहित विभाग के अधिकारियों व शिक्षकों ने चयनित विद्यार्थियों को ज़ोन स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।


