कटनी शिकायतों का संतोषजनक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने अधिकारियों को दिए निर्देश
सीएम हेल्पलाइन शासन की एक महत्वपूर्ण जनसमस्या निवारण प्रणाली है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण अपेक्षित है। अतः समस्त शाखा प्रमुख प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से अध्ययन कर त्वरित, स्थायी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
उक्त निर्देश जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगर निगम की प्रभारी निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर ने शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की वर्चुअल समीक्षा बैठक के दौरान नगर निगम अधिकारियों को दिए।
वर्चुअल समीक्षा के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग, जल प्रदाय विभाग, विद्युत विभाग, उद्यान शाखा, स्वच्छ भारत मिशन, यांत्रिकी प्रकोष्ठ, सिविल शाखा, स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण, भवन अनुज्ञा, राजस्व शाखा, स्थापना शाखा, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, सामान्य प्रशासन विभाग, जनकल्याण योजना एवं समग्र आईडी शाखा से संबंधित विभागवार लंबित प्रकरणों, ग्रेडिंग तथा 50 दिवस से अधिक समय से लंबित मामलों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
निगमायुक्त श्रीमती कौर ने निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त आवेदन आम नागरिकों की समस्याओं से सीधे जुड़े होते हैं, अतः इनके निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने अधिकारियों को आवेदकों से निरंतर संवाद बनाए रखते हुए संतोषजनक निराकरण की दिशा में गंभीर प्रयास करने तथा की गई कार्यवाही से संबंधित आवेदकों को समय पर अवगत कराने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान पेयजल संबंधी शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए जल प्रदाय शाखा के अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वर्चुअल समीक्षा बैठक में नगर निगम उपायुक्त शैलष गुप्ता, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन, उपयंत्री जयेन्द्र प्रताप सिंह, अश्विनी पांडेय, पवन श्रीवास्तव, मोना करेरा, मृदुल श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह, स्टेनो आलोक तिवारी, सिटी मिशन मैनेजर यश रजक सहित नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के लेबल अधिकारी वर्चुअली जुड़े रहे।


