छिन्दवाड़ा/15 जनवरी 2026/ मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत जिला छिंदवाड़ा में सामाजिक समावेशन एवं सामाजिक विकास कार्यक्रम के तहत “नयी चेतना अभियान 4.0” का आयोजन 13 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक किया गया। मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित इस अभियान को महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु “हौसलों की उड़ान” नाम दिया गया।
जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती रेखा अहिरवार ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन 13 जनवरी 2026 को जिले के 9 विकासखंडों के 48 सीएलएफ में सीएलएफ स्तर पर लखपति दीदी संवाद, शेष रही लखपति दीदियों के साथ चर्चा तथा लखपति दीदी शपथ का आयोजन किया गया। इस दौरान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में संकल्प लिया।
द्वितीय दिन 14 जनवरी 2026 को मकर संक्रांति के अवसर पर जिले के विभिन्न विकासखंडों में विशेष पतंग महोत्सव एवं गुड़-तिल बैठक का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत “उड़ान बदलाव की” थीम पर तिल-गुड़ आयोजन, कुपोषण से मुक्ति पर संवाद सत्र, सावित्रीबाई फुले की प्रेरक कहानी तथा सामूहिक भोजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पारंपरिक उत्सव को सामाजिक संदेश के साथ मनाया।
अभियान के तृतीय एवं अंतिम दिन आज स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से महिला स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। जिले के सभी विकासखंडों में ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में महिलाओं की उच्च रक्तचाप, मधुमेह, रक्त जांच एवं कैंसर संबंधी जांच की गई। साथ ही महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


