पांढुर्णा/ 15 जनवरी 2026/ सड़क सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा श्री सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी के मार्गदर्शन में आज से वाहन चालकों के लिए नेत्र जांच अभियान प्रारंभ किया गया।
अभियान के अंतर्गत यातायात प्रभारी निरीक्षक आकांक्षा सहारे के नेतृत्व में शासकीय अस्पताल सौसर की चिकित्सक डॉ. पूनम श्रीवास्तव द्वारा वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण किया गया। आज आयोजित जांच शिविर में लगभग 30 वाहन चालकों की आंखों की जांच कराई गई। साथ ही चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन, नियमित नेत्र जांच की आवश्यकता एवं सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना है। भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
*संवाददाता शुभम सहारे पांढुर्णा*


