छिन्दवाड़ा/15 जनवरी 2026/ जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय सिंगोड़ी के प्राचार्य डॉ. सी.एस. पानकर द्वारा विद्यालय से दो छात्रों के बिना सूचना परिसर छोड़ने के संबंध में वस्तुस्थिति स्पष्ट की गई है।
उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं के दो छात्र 14 जनवरी 2026 को विद्यालय परिसर से बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। दोनों छात्र उमीदराम डेहरिया पिता मोनूराम डेहरिया एवं छात्र प्रिंस महींगया पिता ब्रजमोहन महींगया दोपहर 1:40 बजे मैस में लंच के समय उपस्थित थे, किंतु अपराह्न 3:00 बजे आयोजित रिमेडियल
कक्षाओं के दौरान उनकी उपस्थिति नहीं मिली। यह संज्ञान में आते ही तत्काल विद्यालय परिसर, ग्राम सिंगोड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में शिक्षकों एवं स्टाफ द्वारा दोनों छात्रों को ढूंढने की कोशिश की गई तथा तत्काल उनके अभिभावकों को सूचित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के नामिनी अध्यक्ष एवं एसडीएम अमरवाड़ा को भी इसकी तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद एसडीएम एवं तहसीलदार विद्यालय पहुंचे और प्रकरण की जानकारी ली। जिला शिक्षा अधिकारी छिंदवाड़ा को भी दूरभाष पर अवगत कराया गया। इसी क्रम में पुलिस चौकी सिंगोड़ी में दिनांक 14 जनवरी 2026 की रात 11:00 बजे एफआईआर दर्ज कराई गई है।
विद्यालय प्रशासन द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच में पाया गया कि दोनों छात्र आठवें पीरियड में कक्षा 10वीं ‘ब’ में उपस्थित थे। दोपहर 1:40 बजे घंटी बजने के बाद वे बालक सदन छात्रावास की ओर जाते हुए दिखाई दिए, इसके बाद लगभग 1:45 बजे मैस में प्रवेश कर भोजन करते हुए देखे गए। करीब 2:00 बजे दोनों छात्र मैस से निकलकर बालक सदन की ओर जाते नजर आए। आगे की फुटेज में लगभग दोपहर 2:22 बजे दोनों छात्रों को बालक सदन के शौचालय की बाउंड्री वॉल से कूदते हुए तथा तत्पश्चात विद्यालय की मुख्य बाउंड्री वॉल पार कर ट्रैक सूट पहने हुए बाहर जाते देखा गया।
उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में संबंधित सभी अधिकारियों एवं छात्रों के परिजनों को त्वरित रूप से सूचना दी है तथा पुलिस प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


