भोपाल, नववर्ष 2026 के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने समस्त जिला पुलिस अधीक्षकों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।
डीजीपी ने निर्देश दिए हैं कि रविवार शाम से 1 जनवरी की रात तक पूरे प्रदेश में सघन चेकिंग अभियान और गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि गत वर्ष पुलिस अधिकारियों और मैदानी बल की सक्रियता से असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रहा था। इसी क्रम को बनाए रखते हुए इस वर्ष भी कानून-व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस पूर्ण मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगी।
डीजीपी मकवाणा ने स्पष्ट किया कि सभी रैंक के फील्ड अधिकारी स्वयं सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रंक एंड ड्राइव), तेज रफ्तार, छेड़खानी तथा महिलाओं के साथ होने वाली अभद्रता पर रोक लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि पहलगाम घटना एवं ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के मद्देनजर मॉल, बाजार, होटल, रिसॉर्ट, पिकनिक स्पॉट (नदी, बांध, झील) और मंदिरों में संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाए। सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों और अशांति फैलाने वाले तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति को पहले ही नियंत्रित करने की रणनीति पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही वीवीआईपी/वीआईपी सुरक्षा सहित सभी मोर्चों पर पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी ने जिलों में होने वाली किसी भी महत्वपूर्ण घटना की जानकारी तत्काल पुलिस मुख्यालय को देने तथा विशेष शाखा (एसबी) द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
मध्य प्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नववर्ष को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें।


