छिन्दवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यालय के अलावा जिले के सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश- बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार ने विभागवार समय-सीमा एवं सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर को सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग जारी की जाएगी, ऐसे में सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि लंबित शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर उन्हें बंद कराया जाए।
छिंदवाड़ा–हर्रई मार्ग पर सड़क सुरक्षा के निर्देश- सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार ने छिंदवाड़ा–हर्रई क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर ढाबों के सामने सड़क पर ट्रकों के खड़े रहने पर चिंता व्यक्त करते हुए एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना की संभावनाओं को देखते हुए ऐसे स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
छिंदवाड़ा–सिवनी मार्ग के गड्ढे 15 दिवस में ठीक करने के निर्देश- बैठक में छिंदवाड़ा–सिवनी मार्ग की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पर मौजूद सभी गड्ढों की आगामी 15 दिवस के भीतर मरम्मत सुनिश्चित की जाए। साथ ही किए गए कार्य की प्रगति की जानकारी फोटो ग्राफ के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिला अस्पताल में शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष मॉनिटरिंग- सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार ने जिला अस्पताल छिन्दवाड़ा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शौचालयों की साफ-सफाई को लेकर विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे, इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी की जाए।
पीएमएफएमई योजना के अधिक प्रकरण बैंकों में भेजने के निर्देश- प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार ने उप संचालक उद्यानिकी को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के प्रकरण तैयार कर बैंकों में प्रस्तुत किए जाएं, ताकि जिले में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


