कटनी नगर के रेहड़ी – पटरी एवं छोटे फेरी-विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए निगम प्रशासन द्वारा नगर के अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को इस योजना से लाभान्वित करनें के प्रयास किए जा रहे है। इन्ही प्रयासों को गति प्रदान करते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर विगत दिवस प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत विशेष शिविर के माध्यम से 17 हितग्राहियों के लोन प्रकरण स्वीकृत किए जाकर उन्हे स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
योजना प्रभारी एवं नगर निगम के एनयूएलएम शाखा के सिटी मिशन मैनेजर यश रजक ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत दिवस इंडियन बैंक में आयोजित विशेष ऋण शिविर में हितग्राहियों के आवेदनों की सभी आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन उपरांत पात्र पाए जाने पर 17 हितग्राहियों को लोन के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। सिटी मिशन मैनेजर श्री रजक ने बताया कि योजना का उद्देश्य छोटे विक्रेताओं को बिना गारंटी के कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराना है ताकि वे अपने व्यवसाय को सुदृढ़ कर सकें। शिविर के दौरान लोन स्वीकृति के साथ ही लाभार्थियों को डिजिटल भुगतान, समय पर पुनर्भुगतान से मिलने वाले प्रोत्साहन तथा योजना के अन्य लाभों की जानकारी भी दी गई।
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत शेष पात्र पथ -विक्रेताओं से आग्रह किया गया है कि इस योजना के तहत शेष छूटे हुए इच्छुक पात्र हितग्राही 15 हजार रुपये के ऋण हेतु तथा पूर्व में प्रथम चरण के तहत ऋण राशि चुकता कर चुके हितग्राही आगामी 25 हजार रुपये एवं 50 हजार रूपये तक के ऋण हेतु अपने दस्तावेजों सहित निगम कार्यालय के कक्ष क्रमांक 63 में उपस्थित होकर योजना का लाभ प्राप्त करें।


