मध्यप्रदेश के विदिशा जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सांची तहसील में पदस्थ महिला नायब तहसीलदार कविता कंडेला (30) की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव सांची रोड स्थित राजस्व विभाग के आवास परिसर में चार मंजिला इमारत के नीचे मिला।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच जारी है। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे कलेक्टर-एसपी, आवास सील
घटना की सूचना मिलते ही विदिशा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कविता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुरक्षा की दृष्टि से राजस्व आवास को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
मोबाइल से मिला भावनात्मक संदेश, जांच को मिला नया सुराग
पुलिस को घटनास्थल से कविता का मोबाइल फोन मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मौत से कुछ मिनट पहले उन्होंने एक बेहद भावुक संदेश भेजा था। इसी संदेश के आधार पर जांच की दिशा अब व्यक्तिगत और भावनात्मक पहलुओं की ओर भी मुड़ गई है। पुलिस इस चैट के हर पहलू की तकनीकी जांच कर रही है।
प्रेम प्रसंग की भी जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की जांच कर रहे एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसके पीछे के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डेटा के विश्लेषण के बाद ही हो सकेगी। कुछ व्यक्तिगत कारणों की भी जांच की जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी बिंदु पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कौन थीं कविता कंडेला
कविता कंडेला वर्तमान में विदिशा जिले की सांची तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत थीं। इससे पहले वे मंदसौर-नीमच क्षेत्र में भी राजस्व विभाग में सेवाएं दे चुकी थीं। उनका परिवार इंदौर में निवास करता है। उनके पिता ओमप्रकाश कंडेला घटना की सूचना मिलते ही विदिशा पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना से पहले रात को बेटी से बातचीत हुई थी और वह सामान्य लग रही थी।
⚠️ महत्वपूर्ण सूचना
आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, अवसाद या आत्मघाती विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत विशेषज्ञ से संपर्क करें।
TeleMANAS हेल्पलाइन: 14416 या 1-800-891-4416
स्पंदन (मध्यप्रदेश): 9630899002, 7389366696


