छिन्दवाड़ा/25 नवम्बर 2025/ शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, छिन्दवाड़ा में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तर्कशीलता एवं विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने के उद्देश्य से “जादू नहीं विज्ञान है – समझना-समझाना आसान है” विषय पर विशेष कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस. बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विज्ञान हमारे दैनिक जीवन का अविभाज्य अंग है तथा सरल प्रयोगों एवं गतिविधियों के माध्यम से इसे आसानी से समझा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने और प्रयोगधर्मिता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विज्ञान संकाय तथा आमंत्रित विशेषज्ञों द्वारा अनेक सरल, रोचक एवं उपयोगी वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया। इन प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह बताया गया कि कई क्रियाएँ जो देखने में ‘जादू’ जैसी प्रतीत होती हैं, वे वास्तव में विज्ञान के सिद्धांतों पर आधारित होती हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं मार्गदर्शन में श्री गिरीश शर्मा, एडीपीसी,श्री शाबीर फारूकी, कोऑर्डिनेटर व्यावसायिक शिक्षा,जिला नोडल अधिकारी श्री राकेश डेहरिया,सहायक नोडल डॉ. अभिनव श्रीवास्तव,विवेक कराड़े का विशेष योगदान रहा।निर्णायक के रूप में श्रीमती प्रांजुल सिन्हा,श्री रामेश्वर ठाकरे, श्रीमती अर्चना माहोरे,उपस्थित थी।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री दिलीप ढोक ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि विद्यालय द्वारा आगे भी ऐसे कार्यक्रम सतत आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना को मजबूती मिले।
कार्यक्रम में श्री संजय मोहोड, श्रीमती अमिता शर्मा, श्री गौतम सर एवं श्री प्रभात सोनी मुख्य सहयोगी के रूप में उपस्थित थे।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


