छिन्दवाड़ा/15 अक्टूबर 2025/ जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस. बघेल द्वारा आज सर्वप्रथम कक्षा दसवीं के अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता उन्नयन के लिये आयोजित विषयवार प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर गणित विषय के शिक्षक-शिक्षिकाओं को संबोधित किया गया। यह प्रशिक्षण शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में संपन्न हुआ, जिसमें छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के हाई एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों में कक्षा दसवीं गणित विषय का अध्यापन कराने वाले शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल ने कहा कि कक्षा दसवीं का परीक्षा परिणाम प्रायः गणित विषय के अंकों से प्रभावित होता है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों के कम परिणाम का मुख्य कारण गणित विषय की कमजोर उपलब्धि है। इसलिये शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि त्रैमासिक परीक्षा उपरांत ए, बी, सी, डी एवं ई समूह के विद्यार्थियों को स्तरानुसार पृथक-पृथक कक्षाओं में अध्यापन कराते हुए नवाचारी शिक्षण शैली अपनाई जाए, ताकि प्रत्येक विद्यालय का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त किया जा सके।
इस अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एवं सहायक संचालक शिक्षा श्री डी.पी. डेहरिया भी उपस्थित थे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल द्वारा पांढुर्णा जिले के विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। सर्वप्रथम शासकीय हाई स्कूल रझाड़ी पीपला का निरीक्षण किया गया, जहाँ विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर प्राचार्य को उपस्थिति बढ़ाने के लिये निर्देश दिए गए। वहीं विद्यालय परिसर, कक्षाओं की स्वच्छता एवं शैक्षणिक वातावरण संतोषजनक पाए जाने पर प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ की प्रशंसा की गई।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल ने सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा के नवीन भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ऑडिटोरियम हॉल की प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया गया तथा विद्यार्थियों के लिए झूले लगाने के लिये स्थान का चयन किया गया। निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया गया कि भवन निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर विभाग को हस्तांतरित किया जाए।
वर्तमान में संचालित सांदीपनि विद्यालय परिसर का भी निरीक्षण करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल ने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा प्राचार्य एवं स्टाफ की सराहना की। इसके बाद विद्यालय के सभी स्टाफ एवं प्राचार्य के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल ने शासन द्वारा संचालित सांदीपनि विद्यालय की नीतियों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए शिक्षकों से अपने शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावशाली एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करने के साथ ही जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में कम से कम पाँच-पाँच विद्यार्थियों के चयन के लिये प्रेरित किया।
प्राचार्य को निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन क्लेट एवं सीयूईटी परीक्षाओं के लिये कक्षाएं जिला स्तर से जारी समय-सारणी के अनुसार संचालित की जाएं तथा विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री एवं विगत वर्षों के सॉल्ब्ड प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए जाएं।
सांदीपनि विद्यालय में संचालित व्यावसायिक शिक्षा के ट्रेड आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर की प्रयोगशालाओं का निरीक्षण जिला व्यावसायिक समन्वयक डॉ. साबिर फारूकी द्वारा किया गया। उन्होंने प्रशिक्षकों को औद्योगिक भ्रमण एवं अतिथि व्याख्यान निर्धारित समय सीमा में संपन्न कराने तथा नियमित रूप से ई-उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


