छिन्दवाड़ा/13 अक्टूबर 2025/ कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में आज जिले के आबकारी अमले ने अवैध मदिरा के अड्डों पर प्रभावी कार्यवाही की ।
प्रात: के समय वृत्त प्रभारी श्री आकाश मेश्राम के नेतृत्व में टीम ने ग्राम ढबेरा में तालाब किनारे और जंगल के अंदर प्लास्टिक ड्रमों में छुपाकर रखे गए महुआ लाहन को बरामद कर विधिवत नष्ट किया। इसी स्थान पर एक चालू हाथ भट्टी भी जप्त कर मौके पर नष्ट की गई। इसके बाद टीम ने ग्राम सालीवाड़ा के जंगल में छुपाई गई महुआ लाहन बरामद कर नष्ट की। अंत में ग्राम सोमाढाना में जंगल के अंदर बहने वाले नाले के किनारे जमीन में गड़े प्लास्टिक ड्रमों से महुआ लाहन बरामद कर नष्ट किया, साथ ही मौके पर तैयार प्लास्टिक की पन्नियों में भरी हाथ भट्टी मदिरा को भी कब्जे में लिया गया।
किसी भी स्थान पर गैस सिलेंडर से अवैध शराब बनाने का मामला नहीं पाया गया। इस कार्यवाही में कुल 12 प्रकरण दर्ज किए गए, 7400 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया और 60 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जप्त की गई।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री कैलाशचंद्र चौहान, श्री गौरव पांडे, श्री वासुदेवाचार्य त्रिपाठी, उपनिरीक्षक श्री आकाश मेश्राम, श्री जीत सिंह धुर्वे, सुश्री वैशाली भगत, श्री अनिकेत पटेल, सुश्री रुचि बागरी और श्री हर्ष सोनी सहित आबकारी अमला उपस्थित था।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


