छिन्दवाड़ा/13 अक्टूबर 2025/ कृषि विज्ञान केंद्र चंदनगांव छिंदवाड़ा में आज छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के 6 विकासखंडों (छिंदवाड़ा, मोहखेड़, चौरई, बिछुआ, सौंसर एवं पांढुर्णा) की 44 चयनित कृषि सखियों का प्राकृतिक खेती विषय पर 5 दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र एवं परियोजना संचालक (आत्मा), किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र छिंदवाड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ.डी.सी. श्रीवास्तव ने चयनित कृषि सखियों को कृषक जागरूकता का अहम हिस्सा बताया। उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने राष्ट्रीय प्राकृतिक मिशन के अंतर्गत इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का महत्व बताते हुए कहा कि, आप प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों को किसानों तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। परियोजना संचालक आत्मा श्रीमती प्राची कौतू ने कृषि सखियों को जिम्मेदारी के साथ प्राकृतिक खेती, किसानों के समूह गठन एवं कार्यप्रणाली के विषय मे बताया। एसआरएलएम से श्री संजय डहेरिया ने मिशन में कृषि सखियों की भागीदारी से सफलतापूर्वक प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को जागरूकता पर मार्गदर्शित किया। प्राकृतिक खेती के नोडल ऑफिसर एवं प्रशिक्षण प्रभारी डॉ.आर.के. झाड़े एवं डॉ. सरिता सिंह ने कृषि सखियों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के बीच अंतर और प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों को समावेशित कर सफलतम प्राकृतिक खेती कर सकते हैं, इस विषयों पर तकनीकी मार्गदर्शन दिया। आभार प्रदर्शन श्रीमती चंचल भार्गव द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्र के सभी वैज्ञानिक, अधिकारी कर्मचारी तथा कृषि अधिकारीगण उपस्थित थे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती की वैज्ञानिक विधियों, जैविक उत्पादों के निर्माण एवं उपयोग क्षमता तथा खेत प्रबंधन के टिकाऊ उपायों से परिचित कराना है, जिससे वे अपने गाँवों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे सकें यह कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र में 13 से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


