*सूर्यवंशी (कलार) समाज, छिंदवाड़ा द्वारा मासूम बच्चों की स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन*
छिंदवाड़ा , सहस्त्रबाहु वाटिका, VIP रोड, छिंदवाड़ा में सूर्यवंशी (कलार) समाज, छिंदवाड़ा द्वारा Coldrif Cough Syrup प्रकरण में असमय प्राण गंवाने वाले 21 से अधिक मासूम बच्चों की पवित्र स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
सभा का आरंभ दो मिनट के मौन से हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित सभी समाजजनों ने मोमबत्तियाँ जलाकर मासूम आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। यह दृश्य अत्यंत भावनात्मक एवं करुण वातावरण से परिपूर्ण था।
कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष श्री कृपाराम सूर्यवंशी, सचिव श्री नंदन सूर्यवंशी, कार्यक्रम संयोजक श्री दिनेश सूर्यवंशी , श्री अखिल सूर्यवंशी, श्री ओमेश्वर सूर्यवंशी , श्री कपिल सूर्यवंशी तथा समाज के अनेक सम्माननीय सदस्यगण उपस्थित रहे। समाज की महिलाओं की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से श्रीमती फुलेश सूर्यवंशी सहित अन्य मातृशक्ति ने श्रद्धांजलि सभा में सहभागिता निभाई।
विगत दिनों सूर्यवंशी (कलार) समाज, छिंदवाड़ा द्वारा इस गंभीर प्रकरण पर शासन को ज्ञापन देकर दोषी कंपनी एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की माँग की गई थी। समाज ने श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से पुनः यह अपील की कि पीड़ित परिवारों को आर्थिक एवं मानवीय सहायता शीघ्र प्रदान की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ।
सभा का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं समाज की एकजुटता के संदेश के साथ किया गया।
सूर्यवंशी (कलार) समाज ने यह प्रण लिया कि समाज निरंतर जनजागरूकता, पारदर्शिता और मानवीय संवेदना के साथ कार्य करता रहेगा।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


