कैमोर। भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुनीता दाहिया ने यूट्यूबर पत्रकार रविन्द्र जैन के खिलाफ कैमोर थाना प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। दाहिया ने कहा कि पत्रकार द्वारा की गई अभद्र टिप्पणियों से उन्हें गंभीर मानसिक पीड़ा, सार्वजनिक अपमान और सामाजिक छवि को क्षति पहुंची है।

अपने आवेदन में सुनीता दाहिया ने उल्लेख किया कि वे समाज सेवा एवं महिला कल्याण के कार्यों से जुड़ी हैं तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री संजय पाठक के बारे में फैलाई जा रही अफवाहों और असत्य प्रचार का खंडन करती रही हैं। इसी क्रम में भोपाल निवासी यूट्यूबर रविन्द्र जैन ने अपने सोशल मीडिया चैनलों (यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम) पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणी करते हुए उन्हें “विधायक की चमची” कहा। यह वीडियो विभिन्न प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से साझा किया गया, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा और सामाजिक अपमान सहना पड़ा।
सुनीता दाहिया ने शिकायत में कहा कि अनुसूचित जाति की महिला होने के नाते इस तरह की टिप्पणी उनके सम्मान और गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली है। यह कृत्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 की धारा 3(1)(r) (सार्वजनिक स्थान पर अनुसूचित जाति जनजाति के सदस्य का अपमान), 3(1)(s) सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79(2), 356, 351 एवं 352 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
उन्होंने मांग की है कि पुलिस इस मामले में त्वरित प्रभाव से FIR दर्ज करे, निष्पक्ष जांच कर अभियोग़ पत्र प्रस्तुत करे तथा आरोपी को निर्देशित करे कि वह सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से मानहानिकारक सामग्री तत्काल हटाए। साथ ही उन्हें किसी भी प्रतिशोधात्मक कार्रवाई से सुरक्षा प्रदान की जाए।
शिकायती पत्र सौंपते समय मंडल अध्यक्ष भवानी मिश्रा, नगर परिषद उपाध्यक्ष संतोष केवट, पूर्व उपाध्यक्ष पप्पू शर्मा एवं किरण बर्मन मौजूद रहीं।


