लोकायुक्त ने पकड़ा, 5 हजार की रकम जब्त
जबलपुर/पाटन।
लोकायुक्त संगठन ने गुरुवार शाम पाटन वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर ढेलन सिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा। आरोपित को उसके पाटन स्थित शासकीय आवास में गिरफ्तार किया गया।
मामला क्या है?
पाटन के कटरा मोहल्ला निवासी शकील, जो कारपेंटर है, वन विभाग से अनुमति लेकर लकड़ी काटकर फर्नीचर बनाता और बेचता है।
- डिप्टी रेंजर ढेलन सिंह उस पर महीना वसूलता था।
- पहले 3 हजार रुपये प्रतिमाह लेता था।
- इस माह से उसने 5 हजार रुपये महीना मांगा और धमकाया कि रकम नहीं दी तो लकड़ी का काम बंद करवा देगा।
परेशान होकर शकील ने लोकायुक्त संगठन से शिकायत की।
कैसे हुआ ट्रैप?
लोकायुक्त जांच टीम ने गुरुवार शाम जाल बिछाया।
- डिप्टी रेंजर ने शकील को फोन कर रुपये घर बुलाए।
- जैसे ही उसने रिश्वत की 5 हजार रुपये की गड्डी गिनी, बाहर खड़ी लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
- टीम ने मौके से रिश्वत की राशि जब्त की।
पुराना इतिहास भी दागदार
सूत्रों के मुताबिक ढेलन सिंह पहले सिहोरा में पदस्थ था।
उस पर शासकीय लकड़ी की अवैध बिक्री के आरोप लगे थे।
जांच में दोषी पाए जाने के बाद ही उसे पाटन भेजा गया था।
अब भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


