भोपाल, 26 सितम्बर (हि.स.)।
मध्यप्रदेश में मानसून विदाई की ओर है, लेकिन जाने से पहले एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों (26 से 29 सितम्बर) तक इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर और उज्जैन संभागों में हल्की से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने से गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बढ़ गई है। वहीं नीमच, श्योपुर, भिंड और मुरैना जिलों से मानसून पूरी तरह लौट चुका है। अगले एक-दो दिन में ग्वालियर, दतिया और मंदसौर से भी मानसून विदाई ले सकता है।
28 और 29 सितम्बर को तेज बारिश का अलर्ट
प्रदेश के इंदौर, देवास, खरगोन, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में 28 और 29 सितम्बर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इससे पहले कई जिलों में हल्की बारिश और फुहारें पड़ सकती हैं।
भोपाल में उमस और धूप का असर
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को तेज धूप और उमस रहेगी। अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री और न्यूनतम 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। शाम तक हल्की फुहारें पड़ने की संभावना भी है।
अब तक 44.1 इंच औसत बारिश
गुरुवार को मंडला-रीवा में पौने 2 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि उज्जैन, जबलपुर, सतना, सिवनी, सीधी, उमरिया और बालाघाट में हल्की बारिश हुई। इंदौर और ग्वालियर में मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक औसतन 44.1 इंच बारिश हो चुकी है।


