भोपाल। पुलिस कर्मियों के कल्याण और हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए छह वर्षों के अंतराल के बाद राज्य स्तरीय परामर्शदात्री संयुक्त समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में भोपाल में सम्पन्न हुई।
बैठक का उद्देश्य पुलिस बल के मनोबल को सुदृढ़ करना तथा उनके कल्याण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का समाधान निकालना था। बैठक में आवास, हॉस्टल, मेस की स्थापना, स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं तथा पुलिस कर्मियों की सेवा से जुड़ी समस्याओं जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई।
डीजीपी श्री मकवाणा ने कहा कि, “पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य की भलाई और उनका मनोबल हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह बैठक उनके सुझावों को समझने और समुचित समाधान निकालने का एक सशक्त मंच है।”
बैठक में विभिन्न जिलों से आए पुलिस प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और जमीनी स्तर पर पुलिसकर्मियों को आ रही समस्याओं को सामने रखा। कई महत्वपूर्ण सुझावों पर सहमति बनी और जल्द ही उन्हें अमल में लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


