MPNEWSCAST
*भगवान श्री गणेश जी के विजर्सन के दौरान समितियों, नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, होमगार्ड, नाविकों ने पेश की मिसाल*
*सभी विसर्जन कुण्डों और तालाबों में हजारों प्रतिमाओं का हुआ विधान पूर्वक विसर्जन : सभी जगहों पर स्वच्छता और सुरक्षा की दिखाई दी झलक – निगमायुक्त*
जबलपुर। भगवान श्री गणेश जी के विसर्जन की हर तरफ धूम रही, जहां शहर के तमाम सरोबरों, नदियों व घाटों में भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं विधान पूर्वक विसर्जित की गई, वहीं भटौली, हनुमानताल तालाब, तिलवारा, और अन्य विसर्जन कुण्डों में हजारों श्री गणेश प्रतिमाएं विसर्जित की गईं। सभी विसर्जन कुण्डों पर नगर निगम की चाकचौबंद व्यवस्था रही, जहॉं पर स्वच्छता और सुरक्षा
की झलक दिखाई दी। इन सभी व्यवस्थाओं पर निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के द्वारा स्वयं निगरानी रखी गयी। जिसके परिणाम स्वरूप बहुत ही सुगमतापूर्वक सुरक्षित तरीके से विधि विधान के साथ भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमाएॅं विसर्जित हुई। निगमायुक्त ने निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सावधानी के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन कराएॅं। इसके साथ-साथ निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को देखा भी और अधिकारियों को प्रतिमा विसर्जन एवं नागरिक सुरक्षा में लापरवाही न बरतें की हिदायत भी दी।
निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने बताया कि नगर निगम, जिला प्रशासन, एवं पुलिस प्रशासन के साथ-साथ गणेश उत्सव समितियों के द्वारा भी बेहतर व्यवस्थाएॅं की गई, जिसके परिणाम स्वरूप सुचारू रूप से सुगमतापूर्वक भगवान श्री गणेश जी को जल में विसर्जित कर विदाई दी गयी। प्रशासन द्वारा विसर्जन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने अलग से विजर्सन कुण्ड भी बनाया गया और तालाब में भी क्रमबद्ध तरीके से विसर्जन चला। इस मौके पर समिति के सदस्य, नगर निगम प्रशासन, पुलिस प्रशासन, के साथ नाविकों एवं गोताखोरों ने तालाबों-कुण्डों में विशेष रूप से स्वच्छता का ध्यान रखा और विसर्जन के दौरान पूजन सामग्री को अलग से रखवाते हुए तालाबों-कुण्डों व परिसरों को स्वच्छ बनाने का कार्य करते हुए हर बार की तरह इस बार भी समाज के सामने स्वच्छता की अनूठी मिसाल पेश की। जिससे हजारों की संख्या में भगवान श्री गणेश की छोटी और बड़ी मूर्तियां तालाबों-कुण्डों में विसर्जित हुई, लेकिन तालाबों-कुण्डों को किसी भी प्रकार से गंदा होने नहीं दिया गया।
इस दौरान निरंतर नगर निगम के अधिकारी व स्वच्छता कर्मी सुबह से लेकर देर रात चले विसर्जन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर पुलिस, नागरिक और समितियों के सदस्यों ने स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए तमाम भगवान श्री गणेश के भक्तों को मोटीवेट करते हुए पूजन सामग्री घाट पर रखी जाली पर रखने और भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन कुण्ड व नाव के माध्यम से तालाब में विसर्जित करने का आग्रह किया, जिससे हजारों की संख्या में मूर्तियां विसर्जित होने के बावजूद तालाब-कुण्ड साफ और स्वच्छ रहे।


