MP NEWS CAST (मनीष गौतम)
कटनी – कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने गुरूवार को जनपद पंचायत कटनी के ग्राम हरदुआ कुडो में आयोजित लोक सुनवाई सह जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचकर यहां 56 ग्रामीणों की समस्यायें सुनीं एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर निराकरण के निर्देश दिये।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री शिशिर गेमावत और एसडीएम कटनी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
*किसान सम्मान निधि दिलायें*
लोक सुनवाई के दौरान ग्राम हरदुआ निवासी परसादी लाल बर्मन ने आवेदन देते हुये कहा कि पात्र होने के बावजूद मुझे पिछले 2 वर्षों से किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिल रही है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम को पात्रतानुसार योजना का लाभ दिलाये जाने के निर्देश दिए।
*हैंडपंप में सुधार करायें*
लोक सुनवाई के दौरान ग्राम पटेहरा निवासी कोदूलाल ने खराब हैंडपंप के सुधार कराये जाने की मांग करते हुये कहा कि चौधरी मुहल्ले में रोड किनारे हैंडपंप खराब होने की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसे सुधरवा दीजिये। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने पीएचई विभाग को निश्चित समयावधि में हैंडपंप का सुधार करने के निर्देश दिए।
*अवैध कब्जा हटवायें*
ग्राम पंचायत कुडो निवासी संजय पटेल ने कलेक्टर श्री यादव को बताया कि ग्राम खोहटी में चरनोई की जमीन जिसका खसरा नंबर 551,552 एवं 553 है, पर कुछ ग्रामीणों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। इस वजह से गांव के मवेशियों के चरने के लिए कोई जगह नहीं बची है। इस भूमि को अतिशीघ्र अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाय। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम को आवश्यक कार्यवाही कर शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।


