राजधानी के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार दोपहर अचानक क्लोरीन गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। गैस के असर से फैक्ट्री और आसपास मौजूद लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ शुरू हो गई। मौके पर पहुंची प्रशासनिक और रेस्क्यू टीमों ने करीब एक घंटे में गैस पर काबू पा लिया।
घटना दोपहर करीब 3:30 बजे जेके रोड स्थित हिंद फार्मा फैक्ट्री में हुई। यहां केमिकल स्टोर से अचानक क्लोरीन गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस हवा के साथ आसपास फैल गई, जिससे कई लोगों की आंखों से आंसू आने लगे और सांस लेने में परेशानी होने लगी।


