बागेश्वर धाम शिष्य मंडल, कटनी के तत्वावधान में नीलकंठेश्वर धाम, पढ़खुरी की ओर निकली विशाल कांवड़ यात्रा में लमतरा में मुस्लिम समाज ने कांवड़ यात्रा भव्य सुवागत कर धार्मिक ऊर्जा का एक ऐसा उत्सव रचा, जो नगरवासियों की स्मृतियों में लंबे समय तक जीवित रहेगा। यात्रा के मुख्य सूत्रधार रहे विजयराघवगढ़ विधानसभा के विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, जिनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और संगठनात्मक कौशल से इस ऐतिहासिक आयोजन की रूपरेखा बनी। यह आयोजन न केवल एक धार्मिक यात्रा रहा, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत की मिसाल भी बना।
18 किलोमीटर की पैदल यात्रा, नंगे पांव भक्ति का अद्भुत उदाहरण
सुबह 7 बजे बागेश्वर धाम आश्रम, पुरैनी से आरंभ हुई कांवड़ यात्रा में हजारों शिवभक्तों ने भाग लिया। सभी ने विशेष पूजन के उपरांत माँ नर्मदा का पवित्र जल भरा और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ नंगे पांव 18 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा शुरू की। कांवड़ यात्रा जागेश्वर धाम, कन्हवारा होते हुए नीलकंठेश्वर धाम, पढ़खुरी पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर परिवार, समाज और राष्ट्र की समृद्धि की प्रार्थना की। तब हर तरफ “हर हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा के दौरान जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए। पढ़खुरी ग्राम के नीलकंठेश्वर धाम मे यात्रा का समापन हुआ।
पढ़खुरी में संपन्न हुई यह दिव्य कांवड़ यात्रा न केवल श्रावण मास की धार्मिक परंपराओं का अनुपम उदाहरण बनी, बल्कि समाज में एकता, सेवा और श्रद्धा के अद्वितीय भाव को भी जागृत कर गई।


