रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। कलेक्टर सोनिया मीना मंगलवार को नर्मदापुरम जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खेड़ला में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर में शामिल हुई। कलेक्टर ने शिविर में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण किया एवं विभिन्न आवेदनों का निराकरण करते हुए हितग्राहियों की समस्याओं का निराकरण किया। ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में वृद्ध महिला शंकु बाई पति लक्ष्मण सिंह यादव ने बताया कि 1 साल से उनकी वृद्धावस्था पेंशन बंद है। कलेक्टर ने ग्राम सचिव को जांच कर उनका आधार एवं मोबाइल नंबर अपडेट कर वृद्धावस्था पेंशन पुनःशुरू कराने के निर्देश दिए। शंकू बाई ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री सम्मान निधि का पैसा भी नहीं मिल रहा है। कलेक्टर ने तत संबंध में सचिव को परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिविर में पहुंची प्रीति पति मुकेश गौड़ ने बताया कि उनका बेटा 8 वर्ष का हो चुका है लेकिन अभी ठीक से बोल नहीं पाता है। चिकित्सीय प्रशिक्षण में सब नॉर्मल बताया जा रहा है। कलेक्टर ने आशा कार्यकर्ता को निर्देश दिए कि वह प्रीति गौर के बेटे को जिला चिकित्सालय ले जाकर चिकित्सक से उसका आवश्यक प्रशिक्षण कराए। उन्होंने मौके पर ही बीएमओ डॉक्टर राजेश मीना को निर्देश दिए कि वे बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित समाधान करें। शिविर में आए ग्राम वासियों ने बताया कि मोहल्ले की नाली से पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहता है। रोड पर पानी आ रहा है और एक अन्य नाली भी नहीं बन पा रही है। कलेक्टर ने सचिव एवं पटवारी को निर्देश दिए कि वह गांव वालों की आपसी सहमति से नाले में सुधार कार्य कराये एवं नाली की जहां आवश्यकता है वहां पर नाली बनाने का कार्य करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यह सब कार्य बारिश से पूर्व हो जाए। शिविर में आई कक्षा 9वीं की छात्रा मनीषा मीना ने बताया कि स्कूल में उनसे बीपीएल कार्ड शिक्षक मांगते हैं। बीपीएल कार्ड बना ना होने के कारण उन्हें दिक्कत हो रही है। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए की वे उक्त समस्या का परीक्षण करें। प्रशिक्षण में पात्र पाए जाने पर मनीषा गौर का बीपीएल कार्ड बना दें।
कलेक्टर ने शिविर में आए ग्रामीणों को समझाइश दी कि वे अपने गांव को स्वच्छ एवं साफ सुथरा रखें , नाली यदि ओवर फ्लो हो रही है तो सभी सफाई का कार्य मिलजुल कर करें।
कलेक्टर ने शिविर में प्राप्त आवेदनों का परीक्षण किया। बताया गया कि 70 प्लस वालों के आयुष्मान कार्ड सभी के पात्रता अनुसार बना दिए गए हैं। खेड़ला ग्राम पंचायत में टुगरिया एवं पतलई ग्राम भी शामिल है। सचिव वंदना चोरे ने बताया कि मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर के अंतर्गत 15 विभागों की 45 एवं 14 विभागों की 63 सेवाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सभी को पात्रता अनुसार दिलाया गया है। किसान सम्मान निधि के 11 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका परीक्षण कर प्राथमिकता से किसान सम्मान निधि हितग्राही कृषकों को दिलाई जाएगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यदि खेडला ग्राम पंचायत में किसी दिव्यांग व्यक्ति को कृत्रिम उपकरणों की जरूरत है तो वे आवेदन करें सभी को प्राथमिकता से कृत्रिम सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। शिविर में आई श्रीमती सुनीता मीना ने बीपीएल कार्ड बनाने की मांग की। तहसीलदार दिव्यांशु नामदेव ने बताया कि 13 बिंदुओं के आधार पर ही बीपीएल कार्ड बनाए जाते हैं , यदि महिला पात्र होगी तो उनका बीपीएल कार्ड प्राथमिकता से बना दिए जाएंगे।
शिविर में आई श्रीमती रमा बकोरिया ने बताया कि उनके पति हीरालाल बकोरिया विकलांग है लेकिन उनका विकलांगता का सर्टिफिकेट अभी तक नहीं बन पाया है, साथ ही घर में बिजली का मीटर भी नहीं लगा है। कलेक्टर ने निर्देश दिए की दिव्यांग हितग्राही यदि दिव्यांग सर्टिफिकेट चाहते हैं तो जिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से जांच करा कर उनके दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों के घर में बिजली का मीटर नहीं है उन हितग्राहियों के घरों में बिजली के मीटर लगा दिए जाएंगे। बताया गया कि ग्राम पंचायत में निशक्त पेंशन के 19, विधवा पेंशन के 42, वृद्धावस्था पेंशन के 38 हितग्राहियों को लाभ प्राप्त हो रहा है। खसरे के तीन , नक्शे में बंटाकन के तीन प्रकरण निराकृत किए गए हैं। अनुसूचित जाति जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के व्यक्तियों के जाति प्रमाण पत्र के आवेदन प्राप्त नहीं हुए हैं क्योंकि सभी के जाति प्रमाण पत्र जुलाई माह में बनाए जा चुके हैं। बताया गया कि बिजली मीटर लगाने के दो आवेदन प्राप्त हुए हैं। जन्म प्रमाण पत्र के दो, भवन अनुज्ञा के 11 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिसके अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास शामिल हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए की सभी आवेदनों का परीक्षण कर निराकरण प्राथमिकता से किया जाए यदि हितग्राही पात्र पाए जाते हैं तो उन सभी को शासन की योजनाओं का लाभ दिया जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए की निराकृत हितग्राहियों को लाभ वितरण भी करना सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में ही हित लाभ का वितरण किया जाए। बताया गया की शीघ्र ही एक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कर जनप्रतिनिधियों के हाथों हित लाभ का वितरण किया जाएगा। कलेक्टर ने पंचायत सचिव को निर्देश दिए की सभी प्राप्त आवेदनों को पोर्टल में अपलोड करे और दूसरे विभाग से संबंधित आवेदन संबंधित विभाग तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि दो बच्चे मैंम और पांच बच्चे कम वजन के पाए गए हैं ।लेकिन उन्हें कोई बीमारी नहीं है। वह सामान्य रूप से कमजोर है। वही आंगनबाड़ी में 14 बच्चे दर्ज हैं।
मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर में जनपद पंचायत नर्मदा पुरम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत सूत्रकार , तहसीलदार श्री दिव्यांशु नामदेव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे।
कलेक्टर पवारखेड़ा में आयोजित मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर में भी शामिल हुई
कलेक्टर सोनिया मीना तत्पश्चात पवार खेड़ा पहुंचकर ग्राम पंचायत भवन में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर में शामिल हुई। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन किया और सभी आवेदनों पर यथासंभव कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बताया गया कि पवारखेड़ा में दिव्यांग, विधवा वृद्धावस्था, पेंशन का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है। शिविर में आई महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास की मांग की। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि पवार खेड़ा फार्म की जमीन शासकीय है वह भारत सरकार की है। इसलिए इस जमीन पर उन्हें प्रधानमंत्री आवास का लाभ नहीं मिल पाएगा और ना ही राजस्व विभाग की योजनाओं का। शिविर में आई 19 वर्षीय सोनम जो 12वीं कक्षा की पढ़ाई छोड़ चुकी थी। कलेक्टर ने उन्हें प्रेरित किया कि वह मेहनत से पढ़ाई करें और अपने जीवन में एक मुकाम हासिल करें। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों की एंट्री पोर्टल में अनिवार्य रूप से करें और जिन प्रकरणों में हितग्राहियों को लाभ प्रदान कर दिया गया है उनका हित लाभ वितरण अनिवार्य रूप से कराये।


