रिपोर्टर सीमा कैथवास
सिवनीमालवा। एसडीएएम महाविद्यालय सिवनीमालवा में सांस्कृतिक गतिविधि की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए एक रोचक और ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अवगत हो कि 22 दिसंबर को प्रतिवर्ष ‘राष्ट्रीय गणित दिवस’ मनाया जाता है, यह दिन महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। डॉक्टर रामानुजन ने गणित के क्षेत्र में अहम योगदान दिया था। इसी तारतम्य में महाविद्यालय में भी राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता को पांच ग्रुप में बांटा गया। जिनके नाम हैं, प्रथम- वॉरियरग्रुप, द्वितीय- अवेंजर ग्रुप, तृतीय- कैलकुलस ग्रुप, चतुर्थ- क्विज मास्टर, पंचम- द मास्टरमाइंड इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के ज्ञान तार्किक क्षमता और सोचने – समझने की शक्ति को बढ़ावा देना था। इस प्रतियोगिता में गणित के साथ-साथ सामान्य ज्ञान, विज्ञान, साहित्य, इतिहास और खेलकूद से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता का निर्णय राजेश कुशवाहा, प्रीति शुक्ला और कृतिका शर्मा द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और त्वरित उत्तर देने की क्षमता का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में अवेंजर टीम विजेता रही। अवेंजर टीम में बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विजेता टीम को प्राचार्य राजेश कुशवाहा द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्राचार्य कुशवाहा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए बताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ-साथ आत्मविश्वास भी प्रदान करती हैं।


