उमरियापान:- इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व सोमवार को उमरियापान में धूमधाम से मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने उमरियापान के झंडा चौक स्थित मस्जिद पर विशेष सलातो सलाम व नातिया कलाम
पढ़ते हुए जुलूस ए मोहम्मदी निकाला।शान-ए-शौकत के साथ नूरी मस्जिद से शुरू हुआ जुलूस झंडा चौक, न्यू बस स्टैंड,अँधेली बाग से होते हुए ईदगाह पहुँचा।जुलूस के दौरान बच्चों से लेकर युवा और वरिष्ठजनों का लवाजमा हाथ में झंडे थामे सरकार की आमद मरहवा,नारे ए तकवीर, नारे ए रिसालत के नारे लगाते रहें।इस मौके पर जगह- जगह लंगर आदि का प्रोग्राम रखा गया,जिसका समुदाय के लोगों ने भरपूर आनंद उठाया।बड़ी सादगी के साथ जुलूस ए मोहम्मदी में आशिके रसूल में लोगों ने शिरकत की।इसके पूर्व रात को मुस्लिम भाइयों ने मस्जिदों,घरों और दुकानों को फूलों व झालरों की रोशनी से सजाया।घरों व मस्जिदों में मिलाद शरीफ हुईं।उमरियापान के अलावा महनेर,घुघरी,परसेल और ढीमरखेड़ा क्षेत्र कटरिया के साथ सिलौड़ी क्षेत्र के नेगई सहित अन्य गांवों में भी सादगी के साथ ईद मिलादुन्नबी का पर्व मनाया गया।पर्व के दौरान उमरियापान थाना प्रभारी सिद्धार्थ,ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद खान,सिलौंडी चौकी प्रभारी दिनेश करोसिया पुलिस अमले के साथ क्षेत्र में अलर्ट रहे।
खुशी से मनाते हैं पर्व:- समाजसेवी अब्दुल कय्यूम, इरफान खान ने बताया कि इस्लामिक कैलेंडर के तीसरे महीने रबी अल-अव्वल की 12वीं तारीख, 571 ईं. के दिन पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब का जन्म हुआ था। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी को दुनियाभर के मुसलमान बेहद खुशी के साथ मनाते हैं।उनके जन्म से पूरी दुनिया रोशन हो उठी थी। उन्होंने समाज को अमन और शांति का पैगाम दिया।उन्हीं की याद में यह पर्व मनाया जाता है।


