लुटेरी दुल्हन और उसकी गैंग का पर्दाफाश
आगर मालवा जिले में पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और उसकी गैंग का खुलासा किया है। नलखेड़ा पुलिस की टीम ने साल 2023 के एक प्रकरण में शादी का झांसा देकर फरार होने वाली लुटेरी दुल्हन और गिरोह का शनिवार को पर्दाफाश किया है। शादी के नाम पर 1 लाख 65 हजार रुपये लेकर शादी करवाई गई और शादी के अगले दिन लुटेरी दुल्हन अपने गिरोह के साथ फरार हो गई।
जिसके बाद लुटेरी दुल्हन और गिरोह की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। जिसने भोपाल, राजगढ़, बोडा, पचोर और सारंगपुर सहित आसपास के अंचलों में लगातार मुखबिरों के माध्यम से दबिश दी और लुटेरी दुल्हन और गिरोह का पर्दाफाश किया।
मामले में पुलिस ने रतनलाल निवासी मगराना थाना सारंगपुर, जिला राजगढ़, सुनिल निवासी महुआ थाना बोडा, जिला राजगढ़, रोडमल निवासी रामपुरा थाना नलखेडा जिला आगर, नैमसिंह उर्फ चैनसिंह उर्फ सोनू निवासी महुआ थाना बोडा, जिला राजगढ़, राहुल निवासी दोलतपुर थाना बन्डा जिला सागर हाल भोपाल, प्रीति उर्फ ममता निवासी भोपाल, सुसमा निवासी पिपलानि भोपाल को गिरफ्तार किया
इस गिरोह की योजना इतनी सटीक होती थी कि वे अपने निशाने पर ऐसे लड़कों को चुनते थे जिनकी शादी नहीं हो रही थी और शादी के लिए बेताब रहते थे। इस प्रकार, शादी का झांसा देकर यह गिरोह लोगों को ठगने में सफल होता था। गिरोह अपने शिकार को फंसाने और ठगने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करता था। इस गिरोह का पर्दाफाश करने में टी.आई. शनि उपाध्याय, एस.आई. जितेंद्र सिंह, एएसआई मोती सिंह गुर्जर, आरक्षक महेंद्र सिंह, आर. गिरीराज जामलिया, महिला आरक्षक नीतूराज खींची, सै. अनित सेन ने उल्लेखनीय कार्य किया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।


